कोरबा। जिले में प्रतिबंध के बावजूद जारी अवैध रेत उत्खनन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सोन नदी से रेत निकालकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम मड़वारानी के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर में सवार युवक उसके नीचे दब गए, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
आज CM Sai’ कैबिनेट की अहम बैठक, कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद जारी है अवैध कारोबार
गौरतलब है कि जिले में नदी-नालों से रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लागू है, इसके बावजूद कई क्षेत्रों में अवैध रेत खनन और परिवहन का कारोबार खुलेआम जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया बेखौफ होकर अवैध उत्खनन कर रहे हैं, जिसके कारण लगातार हादसे सामने आ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अवैध रेत उत्खनन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

