दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पानी के विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम दांडेसरा में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें 9 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पानी और चाबी को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली बंद थी, जिसके कारण पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गई थी। इसी दौरान पानी भरने और टंकी की चाबी को लेकर पंचायत में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने टंकी की चाबी देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में कुल 9 लोग घायल हो गए।
पुरानी रंजिश भी बनी वजह
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके दादा सगे भाई थे। इससे पहले भी जमीन विवाद को लेकर दोनों के बीच हिंसक झड़प हो चुकी है, जिसके बाद पुलिस चौकी में समझौता कराया गया था। लेकिन इस बार पानी की समस्या ने पुरानी रंजिश को फिर से भड़का दिया।
दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप
पहले पक्ष की ओर से मोनू यादव ने आरोप लगाया कि उनके चाचा पर खेत में हमला किया गया और जब वह बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया कि पानी भरने के दौरान विवाद हुआ और उसके बाद घर में घुसकर मारपीट की गई, जिसमें महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
गांव में तनाव, पुलिस जांच जारी
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

