बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) और कोल माइन्स प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (CMPFO) के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष पेंशनभोगियों के लिए ‘डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) 4.0’ विशेष अभियान की शुरुआत की गई है।
यह अभियान भारत सरकार के निर्देशानुसार नवंबर 2025 के पूरे महीने तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य पेंशनभोगियों को अपने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) जमा करने में सुविधा प्रदान करना और पेंशन के निरंतर, निर्बाध भुगतान को सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत एसईसीएल मुख्यालय के साथ-साथ सभी संचालन क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहाँ सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को आधुनिक डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से DLC जमा करने में सहायता दी जाएगी।
एसईसीएल के अधिकारियों ने बताया कि यह पहल न केवल पेंशनभोगियों के लिए सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें बैंकों या कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता से भी राहत मिलेगी। पेंशनभोगी बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से ऑनलाइन DLC जमा कर सकेंगे।

