वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वडोदरा में आयोजित Gen-Z संवाद कार्यक्रम में युवाओं से करीब 25 मिनट तक बातचीत की। कार्यक्रम में करीब 6 हजार युवाओं को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान पीएम मोदी ने युवाओं को झूठे दावों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी।
मोदी ने कहा, “लोग आपको झूठ की गूंज से गुमराह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन आप सच्चाई के साथ खड़े रहना।” पीएम के इस बयान को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
‘धुरंधर’ के गाने पर रैंप पर पहुंचे मोदी
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए खास तौर पर Y आकार का रैंप तैयार किया गया था। मंच पर पहुंचने से पहले पीएम मोदी इसी रैंप पर चलते हुए युवाओं के बीच पहुंचे।
मोदी की एंट्री के दौरान पहले मशहूर बैंड क्वीन का ‘वी विल रॉक यू’ गाना बजाया गया। इसके बाद फिल्म ‘धुरंधर’ का गाना ‘आरी आरी’ भी बजाया गया। इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में एक छात्र ने प्रधानमंत्री को उनकी तस्वीर भी भेंट की। वहीं पीएम मोदी का भगवान गणपति की मूर्ति देकर स्वागत किया गया।
युवाओं से बोले- झूठ की गूंज से बचकर रहना
Gen-Z संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को सोशल मीडिया और सार्वजनिक जीवन में फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी भी दावे को आंख बंद करके स्वीकार करने के बजाय तथ्यों और सच्चाई की जांच करनी चाहिए। पीएम ने युवाओं से सच्चाई के साथ खड़े रहने की अपील की।
2004 में विचार, 2014 तक फाइलें चलती रहीं- मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में इसके लिए विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक इसका काम आगे नहीं बढ़ सका।
मोदी ने दावा किया कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने इस परियोजना को गति दी और करीब 2 हजार किलोमीटर फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा किया।
‘नाराज फूफाजी’ का जिक्र कर लिया चुटकी
फ्रेट कॉरिडोर की उपयोगिता बताते हुए प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ‘नाराज फूफाजी’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुंबई के JNPT से डबल कंटेनर मालगाड़ी चलने से एक बार में 250 से ज्यादा ट्रकों के बराबर सामान मुंबई से वडोदरा पहुंचाया जा सकता है।
पीएम ने कहा कि ऐसे में कोई ‘नाराज फूफाजी’ सवाल कर सकते हैं कि ट्रक वालों का क्या होगा, लेकिन देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक तेजी से माल पहुंचाने के लिए इस तरह की आधुनिक कनेक्टिविटी जरूरी है।
रोज करीब 430 मालगाड़ियां चलने का दावा
पीएम मोदी ने कहा कि पहले यात्री और मालगाड़ियां एक ही ट्रैक पर चलती थीं। इससे दोनों की गति प्रभावित होती थी। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के जरिए मालगाड़ियों के लिए अलग ट्रैक उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस कॉरिडोर पर रोजाना करीब 430 मालगाड़ियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री के अनुसार, ट्रक के जरिए सामान पहुंचाने में जहां करीब 30 घंटे लग सकते हैं, वहीं फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से इसे करीब 10 घंटे में पहुंचाया जा सकता है।
युवाओं के बीच दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं का अभिवादन किया। कई युवाओं ने मोबाइल फोन से पीएम मोदी के वीडियो बनाए। मंच पर प्रधानमंत्री का भगवान गणपति की मूर्ति देकर स्वागत भी किया गया।
Gen-Z संवाद में प्रधानमंत्री का रैंप पर युवाओं के बीच पहुंचना और लोकप्रिय गानों के साथ उनकी एंट्री कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

