बलरामपुर। बलरामपुर जिले में रेत माफियाओं का दुस्साहस सामने आया है। सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम लिबरा में रविवार रात अवैध रेत खनन कर रहे माफियाओं ने कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के एक आरक्षक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लिबरा में कनहर नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा था। रविवार रात सनावल थाने की पुलिस टीम मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंची। पुलिस को देखकर अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगे।
इस दौरान सनावल थाने में पदस्थ आरक्षक शिव बचन सिंह (उम्र 43 वर्ष) ने एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। लेकिन ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और आरक्षक Aको कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में आरक्षक शिव बचन सिंह के सीने में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया है।
सनावल थाना प्रभारी दिव्य कांत पांडेय ने बताया कि घटना उस समय हुई जब वन विभाग की टीम ग्राम लिबरा में रेत के अवैध उत्खनन पर कार्रवाई कर रही थी और पुलिस टीम उनकी सहायता के लिए पहुंची थी। ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश के दौरान चालक ने आरक्षक के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

