पीएम मोदी से पूछा गया कि इंडिया और पाकिस्तान में से किसकी क्रिकेट टीम ज्यादा बेहतर है यह दोनों ही टीम अक्सर मैदान पर प्रतिद्वंद्वी के रूप में नजर आती हैं। जैसा कि आपने बताया है कि पाकिस्तान के साथ कुछ जियो पोलिटिकल टेंशस जारी है, ऐसे में क्रिकेट और फुटबॉल जैसे खेल भारत के रिश्तों को बेहतर करने में क्या भूमिका निभाते हैं?
खेलों को बदनाम नहीं होने देता
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे लगता है कि खेल में वह शक्ति है जो पूरे विश्व को ऊर्जा से भर सकती है। खेल की भावना अलग-अलग देशों के लोगों को एक साथ लाती है। इसीलिए मैं खेलों को बदनाम होते नहीं देख सकता। मैं यह सच में मानता हूं कि खेल मानव को बेहतर बनाने में अहम किरदार निभाता है। यह सिर्फ खेल नहीं होते, बल्कि लोगों को गहराई से जोड़ते हैं।”
पीएम ने शहडोल के बारे में बताया
पीएम मोदी ने कहा, “भारत में मध्य प्रदेश नाम का एक राज्य है, जो बिल्कुल बीच में है। शहडोल नाम का एक जिला है, जो पूरी तरह से आदिवासी इलाका है, जहां एक बड़ा आदिवासी समुदाय रहता है। मुझे ऐसे समुदायों के लोगों से बातचीत करना बहुत अच्छा लगता है, खासकर आदिवासी महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वयं सहायता समूहों से। इसलिए मैंने उनके पास जाकर बातचीत करने का फैसला किया। लेकिन जब मैं वहाँ पहुंचा तो मैंने एक दिलचस्प बात देखी। लगभग 80 से 100 युवा लड़के, बच्चे और यहां तक कि कुछ बड़े युवा भी खेल यूनीफॉर्म पहने एक साथ खड़े थे।”
हम मिनी ब्राजील से हैं
प्रधानमंत्री ने बताया, “स्वाभाविक रूप से मैं उनके पास गया। इसलिए मैंने उनसे पूछा, “आप सभी कहां से हैं?” उन्होंने जवाब दिया, “हम मिनी ब्राज़ील से हैं।” मैं हैरान था और मैंने पूछा, “मिनी ब्राज़ील से आपका क्या मतलब है?” उन्होंने कहा, “लोग हमारे गांव को यही कहते हैं।”
उत्सुकता से मैंने पूछा “वे इसे मिनी ब्राज़ील क्यों कहते हैं?” उन्होंने समझाया, “हमारे गांव में चार पीढ़ियों से फुटबॉल खेला जाता रहा है। यहां से लगभग 80 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकले हैं। हमारा पूरा गांव फुटबॉल को समर्पित है।” उन्होंने मुझे यह भी बताया कि जब हम अपना वार्षिक फुटबॉल मैच आयोजित करते हैं तो उसे देखने के लिए आस-पास के गांवों से लगभग 20,000 से 25,000 दर्शक आते हैं।”

