CG Accident : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हार्डवेयर व्यापारी दीपक गोयल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के शहीद वीर नारायण चौक की है, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
फूल लेकर घर लौट रहे थे व्यापारी
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब दीपक गोयल पूजा के लिए फूल लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
200 मीटर तक घसीटता रहा वाहन
टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक गोयल सड़क पर उछलकर गिर पड़े, जबकि उनकी बाइक पिकअप में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस भयावह घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आरोपी चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इलाके में शोक और आक्रोश
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बढ़ते सड़क हादसों को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

