जांजगीर-चांपा, 17 जुलाई 2025। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैंसदा में जमीन विवाद को लेकर एक सनकी युवक ने पड़ोसी महिला के घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर हमला होने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कोरबा: स्कूल जा रहे छात्र की मौत, लापरवाह ट्रैक्टर चालक फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई की रात पीड़िता अनिता सूर्यवंशी (35 वर्ष) अपने पति के साथ घर पर मौजूद थी। उसी समय पड़ोस में रहने वाला आरोपी युवक हितेंद्र तरुण (29 वर्ष) दरवाजा खटखटाते हुए अंदर घुसा। उसके हाथ में कुल्हाड़ी थी। घर में घुसते ही उसने पति-पत्नी से बहस शुरू कर दी और अचानक कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
घटना के पीछे जमीन विवाद को कारण बताया जा रहा है। दरअसल, पीड़ित पक्ष ने हाल ही में अपनी जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी थी, जिससे आरोपी नाराज़ था। उसे लग रहा था कि जमीन उसे मिलनी चाहिए थी। इसी रंजिश के चलते वह हमलावर हो गया।
घटना का दो मिनट का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को कुल्हाड़ी लहराते और हमला करते देखा जा सकता है। वीडियो महिला के पति द्वारा डर के माहौल को देखते हुए पहले से कैमरा ऑन कर रिकॉर्ड किया गया था।

