कोरबा। जिले के ग्राम बतरा में अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिलने के बाद पाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में जांच और दबिश दी। पुलिस टीम ने शिकायत में बताए गए स्थान सहित संदिग्ध ठिकानों पर सघन जांच की, लेकिन मौके पर न तो कोई व्यक्ति शराब पीते मिला और न ही अवैध रूप से शराब बेचने की पुष्टि हुई। पुलिस को जांच के दौरान अवैध शराब या कोई संदिग्ध सामग्री भी बरामद नहीं हुई।
महिला समूह ने एसपी से की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, ग्राम बतरा के महिला समूह ने पुलिस अधीक्षक कोरबा के समक्ष शिकायत पत्र सौंपकर गांव में कथित अवैध शराब बिक्री की शिकायत की थी। समूह ने गांव में शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की थी।
एसपी के निर्देश पर पाली पुलिस ने की जांच
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देश और एसडीओपी कटघोरा के मार्गदर्शन में थाना पाली पुलिस की टीम तत्काल ग्राम बतरा पहुंची। पुलिस ने शिकायत स्थल और संदिग्ध ठिकानों पर जांच करते हुए रेड की कार्रवाई की।
हालांकि, पुलिस की जांच के दौरान मौके पर कोई भी व्यक्ति शराब का सेवन करते या अवैध रूप से शराब बेचते नहीं पाया गया। इसके अलावा किसी प्रकार की अवैध शराब भी जब्त नहीं की गई।
अवैध गतिविधियों पर निगरानी का आश्वासन
थाना पाली पुलिस ने गांव के गणमान्य नागरिकों और महिला समूह के सदस्यों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने कहा कि भविष्य में इस तरह की कोई सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

