कोरबा। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने बदमाशों, फरार आरोपियों और लंबित अपराधों के आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक ही दिन में कुल 105 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
50 गिरफ्तारी वारंट और 10 स्थायी वारंट तामील
पुलिस अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ की गई।
- 50 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
- 10 स्थायी वारंट तामील कर लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
- 43 लंबित अपराधों के आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
- 2 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
इस तरह पुलिस ने एक दिन में कुल 105 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
गणेश उत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट
गणेश उत्सव के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों और पूर्व बदमाशों पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों, वारंटियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पुलिस का उद्देश्य गणेश उत्सव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना और जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम लोगों से गणेश उत्सव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

