Korba Traffic Update : कोरबा, 12 जुलाई 2026। शहर में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के आदेश के अनुसार अब रोजाना शाम 5 बजे के बाद सोनालिया पुल से नया बस स्टैंड चौक और टी.पी. नगर चौक तक भारी बसों और ट्रैक्टरों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि शाम के पीक आवर्स में भारी वाहनों के कारण लंबे समय तक जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और एम्बुलेंस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इन क्षेत्रों में रहेगा प्रतिबंध
नए आदेश के तहत सोनालिया पुल से नया बस स्टैंड चौक और टी.पी. नगर चौक तक का मार्ग शाम 5 बजे के बाद भारी बसों और ट्रैक्टरों के लिए प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बसों के लिए तय किए गए नए रूट
प्रशासन नेKorba Traffic Update : विभिन्न दिशाओं से आने वाली बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
चांपा की ओर से आने वाली बसें अब ओवरब्रिज, राताखार और स्टेडियम रोड होते हुए नए बस स्टैंड पहुंचेंगी।
वहीं बिलासपुर और हरदीबाजार की ओर से आने वाली बसों को सर्वमंगला पुल, राताखार बायपास और स्टेडियम रोड के रास्ते नए बस स्टैंड तक संचालित किया जाएगा।
ट्रैक्टरों के लिए भी नया मार्ग निर्धारित
निर्माण सामग्री लेकर आने-जाने वाले ट्रैक्टरों के लिए भी अलग मार्ग तय किया गया है। अब ट्रैक्टरों को सीतामढ़ी, ओवरब्रिज, राताखार, तुलसी नगर, स्टेडियम रोड और सीएसईबी चौक होते हुए आवाजाही करनी होगी। वापसी के दौरान भी इसी मार्ग का उपयोग करना अनिवार्य रहेगा।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस को नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

