आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने और उसके ऊपर फर्श बनवाने का आरोप है। पुलिस ने करीब 45 दिन बाद महिला की निशानदेही पर बाथरूम का फर्श तुड़वाया, जहां से मृतक का कंकाल बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद महिला ने करीब 45 दिनों तक परिजनों और पुलिस को गुमराह किया। जांच के दौरान वह पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखती रही और पति के लापता होने पर रोने का नाटक करती रही, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
बताया जा रहा है कि महिला के जेठ को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ। उन्होंने महिला से भरोसा दिलाते हुए सच्चाई बताने को कहा, जिसके बाद महिला ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर उसने कथित तौर पर खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं, जिससे उसकी मौत हो गई।
महिला ने यह भी बताया कि उसने अपने जेठ को राजस्थान से बुलाया, लेकिन उन्हें घर के अंदर नहीं आने दिया। इसके बाद वह अपनी सास और दोनों बच्चों को घर से बाहर ले गई और उन्हें जेठ के साथ भेज दिया। घर खाली होने पर उसने शव को कमरे से घसीटकर बाथरूम में ले जाकर गड्ढा खोदा और वहीं दफना दिया।
आरोप है कि बाद में उसने परिजनों को बताया कि उसका पति उससे झगड़ा कर 5 हजार रुपये लेकर कहीं चला गया है। कुछ दिन बाद वह स्वयं भी राजस्थान चली गई। लौटने के बाद उसने मजदूर बुलाकर बाथरूम में नई फर्श बनवा दी, ताकि किसी को शव के बारे में पता न चल सके।
फिलहाल पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

