पश्चिम बंगाल की चर्चित फालता विधानसभा सीट पर आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।
चुनाव आयोग ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत किया है। फालता सीट पर कुल 285 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। हर बूथ पर सुरक्षा बलों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। पहले जहां चार जवान तैनात किए जाते थे, वहीं इस बार प्रत्येक बूथ पर आठ सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
2.36 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव आयोग के अनुसार इस अहम दोबारा चुनाव में करीब 2.36 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें लगभग 1.15 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
टीएमसी उम्मीदवार के हटने से बदला चुनावी समीकरण
फालता विधानसभा सीट को ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का मजबूत गढ़ माना जाता है। लेकिन मतदान से 48 घंटे पहले टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान द्वारा नाम वापस लेने के बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
अब मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देबांग्शु पांडा और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला के बीच माना जा रहा है।
इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के शंभुनाथ कुर्मी, निर्दलीय उम्मीदवार दीप हाटी और चंद्रकांत राय भी चुनाव मैदान में हैं।
सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान
मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों और पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

