दुर्ग/भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के पावर प्लांट-2 (PBS-2) में मंगलवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। टर्बाइन सेक्शन में हुए अचानक धमाके के बाद पूरे इलाके में आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार छा गया। इस दर्दनाक मंजर के बीच जान बचाने के लिए कर्मचारी खिड़कियों से बाहर लटकते और पाइप के सहारे नीचे उतरते नजर आए।
धमाके के साथ भड़की आग, मची अफरातफरी
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:05 बजे की है जब STG-4 टर्बाइन में अचानक ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि कुछ ही मिनटों में टर्बाइन हॉल काले धुएं से भर गया। वहां मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं सूझा, तो 10 कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर खिड़की से बाहर निकलकर पाइप के सहारे नीचे उतरने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।
7 कर्मचारी घायल, एक का पैर फ्रैक्चर
इस हादसे में कुल 7 बीएसपी कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनमें नियमित और संविदा (contract) कर्मचारी दोनों शामिल हैं। घायलों को तत्काल सेक्टर-9 स्थित जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
एक संविदा कर्मचारी ऊंचाई से उतरने या भागने के दौरान गिरने से पैर फ्रैक्चर होने की खबर है।
-
अन्य कर्मचारी धुएं और मामूली रूप से झुलसने के कारण उपचाराधीन हैं, हालांकि सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
दमकल की 6 गाड़ियों ने पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही बीएसपी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और 6 से अधिक दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि समय रहते कर्मचारी बाहर निकल आए, वरना एक बड़ा बड़ा हादसा हो सकता था।
जांच के आदेश जारी
भिलाई नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती तौर पर हादसे का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल प्रभावित पावर प्लांट यूनिट को बंद कर दिया गया है और कूलिंग का काम जारी है।

