गेवरा, 21 जून 2026 । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गेवरा क्षेत्र के कल्याण मंडप में प्रातः 6:30 बजे भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गेवरा क्षेत्र के मुखिया माननीय श्री संजय कुमार मिश्रा जी एवं श्रेया महिला समिती की अध्यक्षा श्रीमती प्रभा मिश्र एवं अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ । इस अवसर पर विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, सीआईएसएफ के जवान, क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य प्रतिभागी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम का संचालन श्री भूषण जी, वरीय प्रबंधक (मा.सं.) द्वारा किया गया । इस अवसर पर गेवरा क्षेत्र के मुखिया माननीय श्री संजय कुमार मिश्रा जी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशेष पहचान बनाई है । योग मानवता को भारत की ओर से मिला एक अमूल्य उपहार है । उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा सभी को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए ।

कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ के प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम की विधियों का प्रदर्शन करते हुए योग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) प्रस्तुत किया गया । उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया ।

इस अवसर पर क्षेत्र के डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की । डीएवी स्कूल के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत एवं प्रेरणादायक बना दिया । विद्यार्थियों ने योग के महत्व को समझते हुए सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का संदेश दिया ।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, महिला समिति की सदस्याएँ, सीआईएसएफ के जवान एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम गेवरा क्षेत्र के मुखिया माननीय श्री संजय कुमार मिश्रा जी के मार्गदर्शन एवं मानव संसाधन विभाग, गेवरा क्षेत्र के संचालन से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ।

