नई दिल्ली, 27 जुलाई 2025 देश में जहां केंद्र सरकार ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील और अभद्र कंटेंट के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है, वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। भास्कर की पड़ताल में सामने आया है कि X अब पोर्न वीडियो और एडल्ट कंटेंट का सबसे बड़ा सोर्स बन चुका है, जहां हर उम्र के यूजर्स को बिना रोकटोक ऐसा कंटेंट आसानी से मिल रहा है।
13 साल के बच्चों को भी मिल रही एडल्ट कंटेंट तक पहुंच
सबसे गंभीर चिंता की बात यह है कि X पर 13 साल की उम्र से ही अकाउंट बनाने की अनुमति दी जाती है, जबकि भारत में एडल्ट कंटेंट देखने की न्यूनतम वैधानिक उम्र 18 साल है। X पर जन्म तिथि की कोई सख्त वैरिफिकेशन प्रक्रिया नहीं है, जिससे कम उम्र के बच्चे भी आसानी से इस प्लेटफॉर्म पर एडल्ट वीडियो और ग्राफिक कंटेंट देख पा रहे हैं।
न कोई कंटेंट फिल्टर, न ही उम्र की पुष्टि की तकनीक
X पर न तो कोई मजबूत कंटेंट फिल्टर है, और न ही AI आधारित उम्र पहचानने वाली प्रणाली, जिससे एडल्ट कंटेंट को बच्चों से दूर रखा जा सके। कई प्रोफाइल्स खुलेआम अश्लील वीडियो, फोटो और लिंक पोस्ट कर रहे हैं, जिन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती।

