कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 3 कुसमुंडा में भारत स्काउट-गाइड के तत्वावधान में विश्व चिंतन दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री योगेश गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें उप प्राचार्य श्री बी. केरकेट्टा, प्रधान पाठिका श्रीमती सतगुना नायक, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विश्व चिंतन दिवस का महत्व
गौरतलब है कि 22 फरवरी को लॉर्ड बेडेन-पॉवेल (स्काउटिंग के संस्थापक) और उनकी पत्नी ओलेव बेडेन-पॉवेल (गाइडिंग की विश्व प्रमुख) के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विश्व चिंतन दिवस मनाया जाता है। यह आयोजन 150 से अधिक देशों में 10 मिलियन से अधिक स्काउट्स और गाइड्स द्वारा मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य बच्चों में अंतर्राष्ट्रीय मैत्री को बढ़ावा देना और युवाओं को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना है। वर्ष 2025 की थीम “हमारी कहानी” रखी गई है, जिसके माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य, उपप्राचार्य एवं प्रधान पाठिका को स्कार्फ पहनाकर यूनिट में शामिल करने के साथ हुई। इसके बाद लॉर्ड बेडेन-पॉवेल और लेडी बेडेन-पॉवेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। विद्यार्थियों ने प्रार्थना और ध्वजारोहण कर झंडा गीत का गायन किया।