कोरबा। जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे पल को मातम में बदल दिया। बालको थाना क्षेत्र में सोमवार को पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरी एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात से अधिक लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक सतरंगा कारीघाट से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। इसी दौरान ऑटो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
CG NEWS : व्हाट्सएप’ स्टेटस पर आपत्तिजनक वीडियो’ शिक्षक पर गिरी गाज, DEO ने दिए जांच के आदेश
इस दुर्घटना में खरमोरा निवासी 20 वर्षीय सत्यम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में विष्णु कंवर (19 वर्ष), भवानी कंवर (22 वर्ष), नीरज कुमार (23 वर्ष), वासु कंवर (20 वर्ष) सहित अन्य युवक शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
हादसे की वजह की जांच जारी
प्राथमिक जांच में ऑटो के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
इस हादसे के बाद मृतक सत्यम यादव के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक खुशहाल पिकनिक का सफर इस तरह दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

