कोरबा, 22 सितम्बर। एक- एक लाख रुपए अग्रिम बोनस भुगतान की मांग को लेकर सीटू और एटक ने आंदोलन छेड़ दिया है। विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। एसईसीएल सहित अन्य परियोजनाओं में सीटू और एटक के लोग कामगारों के बीच पहुंच कर उन्हें सीआईएल प्रंबधन की विफलता की जानकारी दे रहे हैं।
यहां बताना होगा कि एटक के नेता रमेन्द्र कुमार तथा सीटू नेता डीडी रामनंदन ने सोमवार रात को आंदोलन पर जाने का ऐलान किया था। इसके बाद मंगलवार सुबह से प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। दोनों नेताओं का कहना था कि केन्द्र सरकार के दबाव में आकर सीआईएल प्रबंधन ने अपील दायर की। यह दबाव इंटक को मानकीकरण समिति की बैठक में आने से रोकने के लिए बनाया गया। यूनियन को लेकर सीआईएल को पार्टी नहीं बनना था। हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए इंटक को बैठक मेंं सम्मिलित किया जाना चाहिए था।
दोनों नेताओं ने कहा जो स्थिति निर्मित हुई इससे फिलहाल बैठक पर विराम लगते दिख रहा है। ऐसी स्थिति में सीटू और एटक सीआईएल प्रबंधन से मांग करता है कि वो कामगारों को दुर्गा पूजा से पूर्व एक- एक लाख रुपए का अग्रिम भुगतान करे।

