नई दिल्ली/अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या दौरे के दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की SIT जांच चल रही है और जल्द ही “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है।
245 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 245 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या को वैश्विक स्तर पर विकसित करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और रामनगरी को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में स्थापित किया जा रहा है।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि अयोध्या का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचे और यहां का विकास हो।
उन्होंने अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि सपा शासनकाल में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं और अब वही लोग सरकार को उपदेश देने का काम कर रहे हैं।
सुरक्षा और विकास पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि राम मंदिर और अयोध्या की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

