रायपुर। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार इस साल 9 अगस्त, शनिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार भद्रा का साया नहीं रहेगा, जिससे राखी बांधना बेहद शुभ माना जा रहा है।
पंचांग के अनुसार, रक्षाबंधन की पूर्णिमा तिथि 8 अगस्त दोपहर 2:12 बजे से शुरू होकर 9 अगस्त दोपहर 1:24 बजे तक रहेगी। राखी बांधने का सर्वश्रेष्ठ समय 9 अगस्त की सुबह 5:47 बजे से दोपहर 1:24 बजे तक है। इस दौरान ब्रह्म मुहूर्त, अभिजीत मुहूर्त, सौभाग्य मुहूर्त और सर्वार्थ सिद्धि योग जैसे कई शुभ समय भी मिलेंगे।
राखी बांधने की परंपरा के अनुसार, बहनें थाली में रोली, चंदन, अक्षत, दही, राखी, मिठाई और दीपक सजाकर पहले भगवान की पूजा करती हैं। इसके बाद भाई को तिलक लगाकर राखी बांधी जाती है, आरती उतारी जाती है और मिठाई खिलाकर उनके मंगल की कामना की जाती है। राखी के समय भाई-बहन का सिर खुला होना चाहिए।
त्योहार के बाद माता-पिता और गुरु का आशीर्वाद लेना शुभ माना जाता है। इस बार भद्रा का अभाव होने से रक्षाबंधन और भी विशेष होगा, और भाई-बहन पूरे उत्साह के साथ इस पर्व को मना सकेंगे।

