कोरबा, 11 अप्रैल 2025 – कोरबा शहर के प्रमुख मार्गों में से एक टीपी नगर से स्टेडियम तिराहा मार्ग आजकल यातायात जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और सड़कों पर फैले कचरे के कारण बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। इस मार्ग पर बिना अनुमति के खुले वाशिंग सेंटर, गैराज और सड़क किनारे खड़ी भारी वाहनों की कतारें जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रही हैं।
सड़क पर गैराज और कबाड़, दो से तीन कतारों में खड़े ट्रक
इस क्षेत्र में ट्रांसपोर्टर्स द्वारा दो से तीन लाइन में सड़क पर खड़े किए गए भारी वाहन मार्ग को संकरा बना देते हैं। हालात यह हैं कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई गैरेज संचालक सड़क पर ही मरम्मत का काम कर रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर कबाड़ हो चुके वाहन और ट्रक डंप कर दिए गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
वाशिंग सेंटर से सड़क पर बह रहा पानी
बिना किसी नियमन के सड़कों पर खुले वाशिंग सेंटर जहां-तहां भारी वाहनों की धुलाई कर रहे हैं। इससे सड़क पर लगातार पानी बह रहा है, जो यातायात के लिए जोखिम बन चुका है। नियम-कायदों की खुली अवहेलना करते इन वाशिंग सेंटरों पर प्रशासन की कोई निगरानी नजर नहीं आ रही।

