कोरबा, 09 जून। कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 150 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 62 हजार 410 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत साइबर पुलिस थाना कोरबा लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को सफल बनाया।
साइबर पुलिस थाना एवं जिले के सभी थाना-चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से विभिन्न जिलों और राज्यों में गुम हुए मोबाइल फोनों को ट्रेस कर बरामद किया गया। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय सोनवानी एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बरामद किए गए मोबाइल फोन Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसी कंपनियों के हैं। ये मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर गुम हो गए थे, जिन्हें तकनीकी सहायता और CEIR पोर्टल की मदद से खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन कोरबा पुलिस के प्रयासों ने उनका भरोसा और मजबूत किया है। नागरिकों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले पांच महीनों में साइबर पुलिस थाना कोरबा द्वारा 300 से अधिक गुम मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वापस दिलाए जा चुके हैं। यह अभियान आम जनता में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी थाना/साइबर सेल को सूचना दें, ताकि समय रहते तकनीकी सहायता से मोबाइल बरामद किया जा सके। साइबर ठगी के मामलों में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई है।

