कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जेंजरा बाइपास स्थित हरिकृष्णा हॉस्पिटल के पीछे एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
35 वर्षीय शिवचरण साहू के रूप में हुई मृतक की पहचान
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय शिवचरण साहू, पिता रामकुमार साहू, निवासी ढेलवाड़ी के रूप में हुई है। युवक का शव जेंजरा बाइपास स्थित हरिकृष्णा हॉस्पिटल के पीछे एक बबूल के पेड़ पर लटका हुआ मिला।
आत्महत्या की आशंका, कारणों का पता नहीं
प्रारंभिक तौर पर मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, शिवचरण ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव मिलने की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

