कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बांगो थाना क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक हाइड्रा के पहिए में फंस गई और तीन साल की मासूम स्नेहा पोर्ते पहिए की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बच्ची के माता-पिता और उसका एक साल का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाइड्रा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाइड्रा जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ओवरटेक के दौरान बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता पोर्ते, तीन साल की बेटी स्नेहा और एक साल के बेटे इसरुस्तम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। परिवार रावा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइड्रा ने ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक हाइड्रा के अगले पहिए में फंस गई।
बाइक कुछ दूर तक घसीटता रहा हाइड्रा
टक्कर के बाद हाइड्रा बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता रहा। इसी दौरान तीन साल की स्नेहा पहिए की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं राम कुमार, प्रेम लता और उनका एक साल का बेटा इसरुस्तम सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद जंगल की ओर भागा चालक
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने हाइड्रा को रुकवाया और घायलों को संभाला। इसी दौरान चालक हाइड्रा को मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
112 और 108 की टीम पहुंची मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखा गया है।
हाइड्रा जब्त, फरार चालक की तलाश
बांगो पुलिस ने हाइड्रा वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए फरार चालक की तलाश तेज कर दी है। घटनास्थल और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

