कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिनदहाड़े राह चलती महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स लूटने वाले आरोपियों के गिरोह का सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी दीपक साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं में करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
दो दिनों में महिलाओं से लूट की दो वारदात
पुलिस के मुताबिक, थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में 3 और 4 नवंबर 2026 को महिलाओं से पर्स लूटने की दो अलग-अलग घटनाएं हुई थीं। पहली घटना 3 नवंबर को शाम करीब 4:07 बजे की है। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया और हाथ में रखा हैंड पर्स लूटकर फरार हो गए।
वहीं, दूसरी घटना 4 नवंबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से भाग निकले।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों तक पहुंची टीम
महिलाओं को निशाना बनाकर लगातार हुई लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
मोबाइल और 6 हजार रुपये नकद बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए थे। वहीं, खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक विवो मोबाइल फोन और दोनों मामलों में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो बालक निरुद्ध
पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी दीपक साहू को विधिवत गिरफ्तार किया। वहीं, उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। तीनों को संबंधित प्रक्रिया के तहत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान:
-
नाम: दीपक साहू
-
पिता: अमर लाल साहू
-
उम्र: 28 वर्ष
-
निवासी: 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।

