कोरबा। शहर में बढ़ते अपराध के बीच एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। सीएसईबी चौक से पंप हाउस जाने वाले मार्ग पर एक नर्स पर अज्ञात युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
घर लौटते वक्त बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 25 वर्षीय युवती शहर की एक पैथोलॉजी लैब में नर्स के रूप में कार्यरत है। शुक्रवार को ड्यूटी समाप्त कर वह अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह पंप हाउस कॉलोनी के पास पहुंची, तभी पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया।
अचानक हमले से मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और लगातार इलाज जारी है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

