CG News : रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर क्षेत्र की रहने वाली पूजा कौर ने अपने पति विक्रम सिंह सहा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से अपनी और अपनी बेटी की सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला ने थाना प्रभारी राजेंद्र नगर को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि पति बाजार से लिए गए करोड़ों रुपये के कर्ज को चुकाने के लिए लगातार उस पर मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहा है। पैसे नहीं देने पर मारपीट, धमकी और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने अपनी शिकायत की प्रति मीडिया को भी उपलब्ध कराई है।
पति पर 7 करोड़ रुपये का कर्ज लेने का आरोप
शिकायत में पूजा कौर ने दावा किया है कि उसके पति विक्रम सिंह सहा ने बाजार से करीब 7 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है। अब वह इस कर्ज को चुकाने के लिए महिला पर मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहा है। पूजा का आरोप है कि मायके की करीब चार बीघा जमीन की बिक्री से उसे जो हिस्सा मिला है, उस राशि पर भी पति की नजर है और वह उसे अपने कब्जे में लेना चाहता है।
Indian Railways : ऑनलाइन रेलवे टिकट में गलती पड़ सकती है भारी’ सफर से पहले ऐसे करें करेक्शन
एक साल से लगातार पैसों की मांग
महिला के अनुसार, पिछले एक वर्ष से पति लगातार पैसों की मांग कर रहा है। उसने अपनी शिकायत के साथ कुछ ऑनलाइन लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं। पूजा का कहना है कि वह अपनी क्षमता के अनुसार पहले भी मायके से आर्थिक सहायता लेकर पति की मदद करती रही, लेकिन अब लगातार बढ़ती मांग पूरी करना उसके लिए संभव नहीं है।
मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
पूजा कौर ने आरोप लगाया है कि 23 जून को पैसों की मांग को लेकर पति ने उसके साथ-साथ उसकी बेटी के साथ भी मारपीट की। शिकायत के अनुसार, डंडे, लोहे की रॉड और अन्य वस्तुओं से हमला किया गया, जिससे दोनों को चोटें आईं। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि कई बार बंदूक दिखाकर उसे मायके से पैसे लाने के लिए धमकाया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
महिला ने राजेंद्र नगर थाना पुलिस से स्वयं और अपनी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं और इन पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

