CG NEWS : दुर्ग (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 7 साल की मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म (रेप) जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी के एएसआई (Assistant Sub-Inspector) भाई ने अपनी वर्दी का फर्ज निभाने के बजाय अपने भाई को बचाने के लिए पहली बार मामले को रफा-दफा करवा दिया। लेकिन जब आरोपी ने दोबारा घिनौनी हरकत की, तब मां ने खुद हिम्मत दिखाई और आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह दिलदहला देने वाली घटना दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी इलाके की है।
मार्च में की थी पहली बार घिनौनी हरकत, रोने लगती थी बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता ने पहली बार मार्च महीने में अपनी मासूम बेटी के साथ गंदी हरकत की थी। इस वारदात से डरी-सहमी बच्ची ने तुरंत अपनी मां को आपबीती सुनाई। मां ने बताया कि इस घटना के बाद से बच्ची इतनी खौफजदा थी कि अपने पिता को देखते ही वह मां से लिपटकर जोर-जोर से रोने लगती थी।
एएसआई देवर ने ‘पारिवारिक मामला’ बताकर दबाई बात
पीड़ित बच्ची की मां को उम्मीद थी कि पुलिस विभाग में होने के कारण उसका देवर सही कदम उठाएगा और बच्ची को इंसाफ दिलाएगा। उसने सबसे पहले इस बात की जानकारी अपने देवर को दी, जो पुलिस में एएसआई है। लेकिन देवर ने अपनी ड्यूटी निभाने के बजाय परिवार की बदनामी का हवाला दिया। उसने अपनी भाभी को भरोसा दिलाया कि वह अपने भाई (आरोपी) को समझाएगा और सुधरने का मौका देगा। देवर ने आरोपी भाई से माफी मंगवाई और उसे दूर भेजने का वादा किया। देवर के झांसे में आकर मां ने उस वक्त पुलिस में शिकायत नहीं की। लेकिन आरोपी कहीं दूर नहीं गया और घर पर ही रहने लगा।
जुलाई में फिर की वारदात, मां ने दिखाई हिम्मत
शिकायत न होने और पुलिसकर्मी भाई की ढील के कारण आरोपी पिता के हौसले और बढ़ गए। जुलाई महीने में उसने दोबारा अपनी मासूम बेटी के साथ रेप किया। इस बार मां ने चुप रहने के बजाय डटकर मुकाबला करने का फैसला किया। वह तुरंत अपनी बेटी को लेकर स्मृति नगर चौकी पहुंची और 15 जुलाई को आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसआईटी गठन और फास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रायल की मांग
इस वीभत्स मामले के सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। भाजपा जिला अध्यक्ष स्वीटी कौशिक ने पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र लिखकर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (SIT – Special Investigation Team) गठित करने की मांग की है।

