CG Crime News : रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित आईनेक्स्ट एप्पल स्टोर में हुई करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले की जांच में रायपुर पुलिस को चार राज्यों तक पड़ताल करनी पड़ी। करीब 265 किलोमीटर के दायरे में एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया। आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और लगातार जांच के बाद पुलिस चोरी के मामले में मध्य प्रदेश के कंजर गिरोह तक पहुंची।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। चोरी गए 173 आईफोन में से 125 फोन बरामद कर लिए गए हैं।
महज आठ मिनट में लाखों के आईफोन चोरी
तेलीबांधा स्थित आईनेक्स्ट एप्पल स्टोर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। दुकान से बड़ी संख्या में आईफोन चोरी होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। चोरी की रकम करीब 1.89 करोड़ रुपये बताई गई। वारदात को अंजाम देने में चोरों को महज आठ मिनट लगे थे, लेकिन इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस को व्यापक जांच करनी पड़ी।
कोरबा में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध पर पुलिस का एक्शन, दो आरोपी गिरफ्तार
40 पुलिसकर्मियों की टीम ने चार राज्यों में की पड़ताल
मामले के खुलासे के लिए रायपुर पुलिस के करीब 40 जवानों और अधिकारियों की टीम जुटी रही। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर के क्षेत्र में फैले सीसीटीवी नेटवर्क की फुटेज का विश्लेषण किया। इस दौरान एक हजार से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई।
जांच में तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल विश्लेषण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिली। पुलिस की टीम ने विभिन्न राज्यों में जांच का दायरा बढ़ाते हुए चोरी के नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया।
बाइक की परछाई बनी अहम सुराग
इस मामले की जांच में एक बाइक की परछाई महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के दौरान मिले संकेतों ने पुलिस को संदिग्धों की पहचान और उनके नेटवर्क की पड़ताल में मदद की। इसी जांच के आधार पर पुलिस मध्य प्रदेश के कंजर गिरोह तक पहुंची।

