कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के अमताला स्थित कथित अवैध दफ्तर पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। पांच मंजिला इमारत को गिराने के लिए तीन बुलडोजर लगाए गए हैं।
जिला प्रशासन का आरोप है कि यह भवन बिना स्वीकृत बिल्डिंग प्लान के बनाया गया था और निर्माण में भवन नियमों का उल्लंघन किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बंगाल पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), फायर और इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारी तैनात रहे।
यह कार्यालय अभिषेक बनर्जी के डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अमताला इलाके में स्थित है। इमारत गिराने की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर खुशी जताई और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
अमताला से बीजेपी विधायक अग्निश्वर नस्कर ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन ने कानून के अनुसार कदम उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भवन नियमों का उल्लंघन कर बनाया गया था।
वहीं, इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

