पुणे, 27 जुलाई 2025 पुणे पुलिस ने शनिवार देर रात एक हाई-प्रोफाइल रेव पार्टी पर छापा मारते हुए एनसीपी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवलकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से गांजा, शराब और हुक्का जब्त किया। पार्टी एक निजी अपार्टमेंट में चल रही थी, जहां से कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
प्रांजल खेवलकर, खडसे की बेटी और एनसीपी (एसपी) महिला यूनिट की प्रदेश अध्यक्ष रोहिणी खडसे के पति हैं। गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एकनाथ खडसे ने कहा कि, “पुलिस की कार्रवाई के पीछे कोई राजनीतिक मकसद तो नहीं है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।” वहीं, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की नेता सुषमा अंधारे ने बयान जारी कर कहा, “यह छापा उन लोगों के लिए एक कड़ा संदेश है जो सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हैं।”
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस रेव पार्टी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पार्टी में किसने भाग लिया, किसकी भूमिका क्या थी, और नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हुई—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस गहनता से जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

