रायपुर, 25 जुलाई 2025 – राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राखी थाना क्षेत्र के बेंद्री गांव स्थित एक पत्थर खदान में एक बोरी के भीतर युवक की लाश मिली है। गुरुवार शाम को खदान में तैरती बोरी से बाहर निकला एक पैर दिखने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब बोरी को खोला तो अंदर से एक युवक की सड़ी-गली लाश निकली, जिसकी पहचान दिनेश मानिकपुरी (निवासी कायाबांधा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, लाश करीब 3-4 दिन पुरानी है और सिर व गले में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की बॉडी बुरी तरह गल चुकी थी और उसमें कीड़े लग चुके थे। शव मिलने की खबर के बाद FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों से पूछताछ जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के एंगल से जांच को आगे बढ़ा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

