CG Weather Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने के साथ ही ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। दिन के तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। राजधानी रायपुर में रात का पारा गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके चलते सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ सकता है। आसमान साफ रहने के कारण रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने की संभावना है।
सुबह हल्की धुंध, रात में बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम साफ होने के बाद अब सुबह के समय हल्की धुंध दिखाई देने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। हालांकि, दिन के अधिकतम तापमान में फिलहाल विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। प्रदेश में दिन का पारा करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 10 नवंबर से कटेंगे टोकन
उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का ज्यादा असर
प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का प्रभाव ज्यादा देखने को मिल रहा है। उत्तरी सीमा से लगे जिलों के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम में किसी बड़े बदलाव या तूफानी गतिविधि के संकेत नहीं होने के कारण नवंबर के अंत तक रात के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है।
नवंबर के अंत तक 14-15 डिग्री पहुंच सकता है रायपुर का पारा
मौसम के पुराने आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने के अंतिम दिनों तक राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्यतः 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर और बढ़ सकता है। लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगेगी।
नवंबर में रायपुर का सबसे ज्यादा और सबसे कम तापमान
रायपुर में नवंबर महीने के दौरान तापमान के कई पुराने रिकॉर्ड दर्ज हैं। उपलब्ध ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, 2 नवंबर 1935 को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, 22 नवंबर 1883 को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
नवंबर में बारिश का भी पुराना रिकॉर्ड
बारिश के मामले में भी रायपुर में नवंबर महीने के कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। 2 नवंबर 1930 को एक दिन में सर्वाधिक 70 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। वहीं, नवंबर महीने में सर्वाधिक मासिक वर्षा का रिकॉर्ड वर्ष 1924 का है, जब कुल 138 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

