कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा-चांपा हाईवे पर उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी, जिससे छह लोग घायल हो गए। कार चालक और पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी हादसे में घायल हुआ है।
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत
जानकारी के मुताबिक, नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में धनेश्वर श्रीवास के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
बेकाबू कार भीड़ में घुसी, छह लोग घायल
पहले हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। कार की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। इसके बाद कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराकर रुकी।
बताया जा रहा है कि गश्ती वाहन से टकराने के कारण कार रुक गई, जिससे संभावित रूप से बड़ा हादसा टल गया। कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की बताई जा रही है।
कार चालक और आरक्षक भी घायल
हादसे में कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचे पुलिस विभाग के एक आरक्षक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
लगातार हुए हादसों के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

