कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुराकछार-बल्गी मार्ग पर दारू भट्टी के पास मोड़ से आगे हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में नीले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 02167 क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कपड़े से ढककर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मोबाइल लॉक होने से मृतक की पहचान में परेशानी
हादसे के बाद पुलिस मृतक की पहचान करने में जुट गई। युवक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों और परिचितों तक पहुंचने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल लॉक होने के कारण पहचान करने में परेशानी आ रही है।
जानकारी के मुताबिक, मोबाइल पर किसी का कॉल भी नहीं आ रहा था। इसके चलते मृतक के परिजनों से संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल युवक की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है और टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल मृतक की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले में आगे की जानकारी सामने आ सकेगी।

