नई दिल्ली। INDIA Bloc March Live: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक के विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को दिल्ली में पैदल मार्च शुरू किया। विपक्षी सांसद संसद भवन के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। प्रदर्शन को ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ नाम दिया गया है।
मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, NCP सांसद सुप्रिया सुले और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए।
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, सड़क पर बैठे विपक्षी सांसद
विपक्षी सांसदों के मार्च को रोकने के लिए आकाशवाणी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग की। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी सांसद सड़क पर बैठ गए और धरना देने लगे।
प्रदर्शनकारी अपने हाथों में ‘सेव डेमोक्रेसी’ के बैनर लेकर पहुंचे। इस दौरान ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए गए। राहुल गांधी के हाथ में ‘ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो’ लिखा पोस्टर भी दिखाई दिया।
करीब 19 विपक्षी दलों के नेता मार्च में शामिल
इंडिया ब्लॉक के इस प्रदर्शन में करीब 19 विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इनमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, NCP-शरद पवार गुट, शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे, राष्ट्रीय जनता दल सहित कई दल शामिल हैं।
इन दलों की भागीदारी
राष्ट्रीय और प्रमुख क्षेत्रीय दल:
कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, NCP-शरद चंद्र पवार, शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे और राष्ट्रीय जनता दल।
वामपंथी दल:
CPI(M), CPI, CPI(ML), RSP और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक।
जम्मू-कश्मीर के दल:
नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी।
अन्य सहयोगी दल:
झारखंड मुक्ति मोर्चा, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस-M, केरल कांग्रेस-J, MDMK और VCK।
AAP और DMK ने बनाई दूरी
इंडिया ब्लॉक के इस मार्च से आम आदमी पार्टी (AAP) और DMK ने दूरी बनाई है। AAP की ओर से कहा गया है कि पार्टी SIR के मुद्दे पर अपनी लड़ाई अलग से लड़ रही है और इसलिए इंडिया ब्लॉक के मार्च में शामिल नहीं होगी।
DMK के भी इस प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की जानकारी सामने आई है।
दिल्ली पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
विपक्ष के मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। निर्वाचन सदन और आसपास के महत्वपूर्ण इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
दिल्ली पुलिस ने मार्च को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। कनॉट प्लेस, पटेल चौक, मुख्य डाकघर, विंडसर प्लेस, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के क्षेत्रों में यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोलचक्कर और निर्वाचन सदन समेत प्रमुख स्थानों पर 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें पुरुषों की 27 कंपनियां और महिलाओं की 4 कंपनियां शामिल हैं।
पहले भी चुनाव आयोग तक मार्च निकाल चुका है विपक्ष
SIR को लेकर विपक्ष पहले भी प्रदर्शन कर चुका है। इससे पहले 11 अगस्त 2025 को INDIA गठबंधन के सांसदों ने संसद भवन से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकाला था।
मौजूदा प्रदर्शन में विपक्षी दल SIR को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा मार्च रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारियों के सड़क पर बैठने से राजधानी में राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है।

