Bhupesh Baghel’ रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा द्वारा किए गए कांग्रेस कार्यालय घेराव को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि “भाजपा वाले हद में रहें, कांग्रेस पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर भाजपा नेताओं और मंत्रियों पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
“घेराव के नाम पर हमला किया गया”
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव के नाम पर रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद थे और उन्होंने स्थिति को शांत करने के बजाय प्रदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाई।
KORBA BREAKING : बड़े भाई ने टंगिया से काटकर की छोटे भाई की हत्या, पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी मोड़
बघेल ने कहा, “लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के कार्यालय पर हमला करना स्वीकार्य नहीं है। भाजपा को अपनी सीमाएं समझनी चाहिए।”
मंत्रियों की भूमिका पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार के मंत्री यदि खुद विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर तनावपूर्ण स्थिति पैदा करेंगे, तो इससे प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष विपक्ष को डराने और दबाने की कोशिश कर रहा है।
भाजपा ने आरोपों को किया खारिज
वहीं भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुई स्थिति के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता खुद जिम्मेदार हैं।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
राजधानी में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटनाक्रम के बाद राजधानी रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

