CG Weather Today : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में रविवार को झमाझम बारिश हुई, जिसके बाद कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
CG Weather Today: इन जिलों में दर्ज हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में मनेन्द्रगढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, जबकि पटना में 6 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
वहीं मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में करीब 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर तथा धमतरी, दर्री, बीजापुर, पिथौरा, सकरी, पौड़ी उपरोड़ा समेत कई स्थानों पर 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
Raipur Weather Today: रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम सुहावना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन मौसम प्रणालियों के कारण बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और उससे लगे बिहार क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है।
वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन सभी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।

