नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र के लिए अगले 24 घंटे में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
नासिक में बादल फटने की आशंका, स्कूल-कॉलेज बंद
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने नासिक जिले में अगले 24 घंटे के दौरान 300 मिमी तक बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बादल फटने जैसी स्थिति बनने की चेतावनी भी जारी की गई है।
एहतियात के तौर पर नासिक जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
रत्नागिरी में लैंडस्लाइड
महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के शेलारवाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया। हादसे में एक मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मलबे में फंसी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि दो अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
जम्मू-कश्मीर में बाढ़ जैसे हालात
जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिलों में भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी, पत्थर और मलबा रिहायशी इलाकों में घुस गया, जिससे कई वाहन मलबे में फंस गए। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
राजस्थान और अन्य राज्यों में भी बारिश का असर
राजस्थान के जोधपुर, पाली, जालोर और बाड़मेर जिलों में सोमवार को करीब तीन इंच बारिश दर्ज की गई। जोधपुर में कई सड़कें और हाईवे जलमग्न हो गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
वहीं, गुजरात के जूनागढ़ में लगातार बारिश से खेतों में जलभराव हो गया। पुणे-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भूस्खलन के बाद सड़क पर गिरे बड़े पत्थरों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। मध्य प्रदेश के बालाघाट में तेज बारिश के कारण नदी में क्रेन और निर्माण मशीनें बह गईं।
ठाणे में पर्यटन स्थलों पर रोक
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए महाराष्ट्र के ठाणे जिला प्रशासन ने अगली सूचना तक पर्यटकों के किलों, झरनों, बांधों, झीलों और नदियों के आसपास जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। मौसम विभाग ने जिले में भारी से अति भारी बारिश और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

