कोरबा। भाजपा नेता पर हुए प्राणघातक हमले के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले के बाद प्रशासन ने रज्जाक अली के मकान से संबंधित दस्तावेजों और निर्माण की वैधता की जांच की। जांच में निर्माण नियमों के विपरीत और कथित रूप से अवैध पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस जवान, प्रशासनिक अधिकारी और नगर निगम का अमला मौके पर तैनात रहा। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर बुलडोजर कार्रवाई की गई।
प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, रज्जाक अली से जुड़ी अन्य संपत्तियों और मामलों की भी जांच की जा रही है। यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

