रायपुर: शहर में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार ने एक बार फिर आम नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बीती रात राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में शुमार टीपी नगर चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कहर बरपाया। अनियंत्रित ट्रेलर ने ट्रैफिक सिग्नल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे खंभा पूरी तरह धराशायी हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद सिग्नल का पोल उखड़कर सड़क पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि ट्रेलर ने ट्रैफिक पुलिस चौकी को मामूली अंतर से मिस कर दिया, अन्यथा कोई बड़ा जनहानि हो सकती थी। घटना के समय ट्रैफिक सिग्नल के पास मौजूद कर्मचारी और अन्य वाहन चालक बाल-बाल बच गए।
भारी वाहनों पर लगाम की मांग शहर के मुख्य मार्गों पर देर रात भारी वाहनों का प्रवेश और उनकी तेज रफ्तार अब ‘खतरे की घंटी’ बन चुकी है। टीपी नगर चौक, जो हमेशा व्यस्त रहता है, वहां इस तरह की घटना ने स्थानीय निवासियों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह घटना दिन के समय होती, तो परिणाम अत्यंत घातक हो सकते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शहरवासी अब प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि व्यस्त चौराहों पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सख्त नियम लागू किए जाएं और नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।

